Monday, March 23, 2009

कपास सेधक कीट मिलीबगः संक्षिप्त परिचय

सिवासण मिलीबग
कपास पर मिलीबग
टमाटर पर मिलीबग
धतूरे पर मिलीबग


हिन्दुस्तान में अंग्रेजी के अखबार दि ट्रिब्यून के संपादक की 24 नवंबर,2001 को अंग्रेजी में डांट खा कर, अमेरिकन सूंडी ने यहाँ अब तक दोबारा गर्दन उठाने की हिमाकत नही की है। पर बी.टी. बीजों के प्रचलन के साथ ही हमारी कपास की फसल में एक नया हानिकारक कीड़ा नजर आने लगा। 2007 में इस कीट की गिनती कपास के प्रमुख सेधक कीटों में होने लगी। कीट वैज्ञानिकों ने इसकी पहचान फिनोकोकस सोलेनोप्सिस नामक मिलीबग के रुप में की। किसान इसे मिलीबग, मिलीभगत, फुही आदि नामों से पुकारने लगे। कपास की खेती में अचानक आई इस नई मुसिबत को मिडिया कर्मियों ने "कपास का भस्मासुर" नाम दे दिया। सोलेनोप्सिस नामक यह मिलीबग मूलतः अमेरिका का निवासी है। अमेरिका में ही सबसे पहले इस कीड़े को सन् 1897 में टिंस्ले ने सजावटी पौधों पर देखा था। कपास की फसल में भी इस कीट को पहली बार 1990 में अमेरिका में ही देखा गया। फ्यूच व उसके मित्रों ने इस तथ्य की पुष्टि की थी। अब तो अर्जेंटिना, ब्राजील, घाना, नाइजीरिया, इस्राइल, पाकिस्तान, भारत, इन्डोनेशिया, थाइलैंड व चीन आदि देशों में कपास की फसल पर आक्रमण करते हुए यह मिलीबग आम पाया जाता है।
कपास का यह भस्मासुर एक बहुभक्षी कीट है। हरियाणा में किसानों ने इस मिलीबग को कपास के अलावा कांग्रेस-घास, चौलाई, साँठी, कचरी, भम्भोले, अक्संड, कंघी-बुटी, आवारा-सूरजमुखी, उल्ट-कांड, बाजरी, धतूरा, भूमि-आंवला आदि गैरफसली पौधों पर फलते-फूलते हुए देखा है। भिंडी, बैंगन, टमाटर आदि सब्जियों की फसल पर इस कीट का प्रकोप यहाँ आम बात हो गई है। चाईना-रोज जैसे सजावटी पौधे पर यह कीट देखा गया है| हिंस, नीम व पीपल जैसे दरखतों पर भी जींद शहर में इस कीट को देखा गया है। पाकिस्तान में तो पौधों की 154 प्रजातियों पर इस रस चूसक कीट की उपस्थिति दर्ज की गई है। 

पहचान और जीवनचक्रः
सिवासण मिलीबग।

मादाः इस मिलीबग की मादाएं पंखहीन होती हैं। इनका अंडाकार शरीर 3-4 मि.मी. लंबा होता है। मादा मिलीबग का यह शरीर सफेद रंग के मोम्मियाँ पाऊडर से ढ़का रहता है। मादा मिलीबग के शरीर पर यह पाऊडर जल विकर्षक का काम करता है। इस मादा मिलीबग की धड़ और पेट पर काले धब्बे होते हैं जो गहरी अनुदैर्ध्य (longitudinal) लाइनों के रूप में दिखाई देते हैं। सिवासण मादा मोम्मिया अंडेदानी में 150 से 600 तक अंडे देती हैं। मादा इस अंडेदानी को अपनी छाती के निचे छुपा कर रखती है। 3 से 9 दिनों में इन अंडों से निम्फ निकलते हैं। मिलीबग के ये निम्फ बहुत चंचल व सक्रिय होते हैं तथा इन्हें क्रॉलर के नाम से जाना जाता है। मिलीबग की यह निम्फल अवस्था बीस-बाईस दिन की होती है|

गाभरु मिलीबग।
मधुर मिलन

नरः इस मिलीबग के बालिग नर 1 मि.मी. लंबे होते हैं। इनका शरीर भूरे रंग का होता है। इनके एक जोड़ी पारदर्शी पंख होते हैं। इनके पेट के अंत से सफेद मोम के दो तन्तु से निकले रहते हैं जो उड़ान के दौरान संतुलन साधने में सहायक होते हैँ। अविकसित मुखांग होने के कारण ये बालिग नर कुछ खा-पी नही सकते। इन नरों की उमर बामुश्किल दो-ढ़ाई दिन की ही होती है। इस दौरान मादाओं के साथ सहवास करने के अलावा इनके पास कोई काम नही होता।







Sunday, March 22, 2009

किसान मित्र - कोटेसिया

मैं, कोटेसिया नाम की सम्भीरका हूँ। इस जगत में स्वतंत्र जीवन जीने के लिए अपने कोकून से निकली ही थी कि जिला जींद के निडाना गावँ में कैमरे में कैद कर ली गयी। कैद का मतलब कथा-आत्मकथा लिखने का सुनैहरीअवसर। बेवारसा जाना तो हमारे समाज में भी अच्छा नही माना जाता। पर इन्सानों की तरह अतिरक्त उत्पादन तो दूर की बात, हमें तो भोजन संग्रह तक नही करना पडता।हमारे कीट समाज में तो पैदावार के नाम पर बस प्रजनन ही होता है। इसीलिए तो मेरा और मेरे मर्द का रिश्ता-नाता सिर्फ़ मधुर मिलन तक सिमित होता है। और तो और मेरा व बच्चों का रिश्ता भी अंडे देने के साथ ही समाप्त हो जाता है। अण्डों से निकले मेरे बच्चों को अपना बाप का पता नही होता। उन बेच्चारों को तो अपनी माँ का भी पता नही होता। अपने बच्चों के लिए भोजन व आवास के पुख्ता प्रबंधन वास्ते एक अदद सुंडी को ढुँढ लेना ही हमारे जीवन की सफलता माना जाता है। आजादी की ली दो साँस और फ़िर किया सहवास। ढुँढी एक पली पलाई सुंडी तथा अंडनिक्षेपक की सहायता से घुसेड़े इसके शरीर में सैकडों अंडे। बस निफराम। अण्डों से निकले नवजात सुंडी को अंदर ही अंदर से खा पीकर पलते बढ़ते है। यही बच्चे पूर्ण विकसित होकर प्रौढिय रूपांतरण हेतु ककून का निर्माण करते है। वास्तुकला, ज्यामिति व कला का बेजोड़ नमूना होता है यह - ककून। अफ़सोस!आपके मानवसमाज ने हमारे इस हुनर व काम को ठीक उसी तरह नज़र अंदाज किया है जिस तरह से बिटोडों पर अपनी लुगाईयों की महान चित्रकला को।

Thursday, February 26, 2009

छ्छुँदरिया झींगुर - एक सर्वभाजी कीट

छ्छुँदरिया झींगुर
छ्छुँदरिया झींगुर आलू में।
छ्छुँदरिया झींगुर



छ्छुँदरिया-झींगुर नाम का यह कीट खरकरामजी गावं के सतबीर पुत्र धुप सिंह की आलू फसल में नुकशान करता पाया गया है। यूरोपियन लोग इसे Mole Cricket कहते  हैं. ये कीट Orthoptera वंशक्रम के Gryllotalpidae कुनबे के सदस्य होते हैं. भूरे रंग के इस मोटी चमडी वाले कीट की आँखें मनके जैसी तथा अगली टाँगें फावडे जैसी होती है। इन टांगों से यह सुरंग खोदने का काम लेता है। एक रात में ही भूमि की सतह के ठीक निचे-निचे 20 फुट लम्बी सुरंग खोदने का मादा रखते हैं, ये कीट. छ्छुँदरिया-झींगुर रात के समय ही सक्रिय रहते है.  सहवासी-समय के सिवाय यह कीट तकरीबन भूमिगत ही रहता है। सहवास के समय यह 8 किलोमीटर तक भी उड़ सकता है। यह कीट ना तो शुध्द रूप से शाकाहारी है और ना ही शुध्द रूप से मांसाहारी है। जो फंस गया वही खा लेता है। इसीलिए इसे सर्वभक्षी कीट कहा जाता है। इसके भोजन में आलू , पौधों की जड , घास ,कीडे ,लार्वा आदि शामिल होते है।










Tuesday, February 24, 2009

मंडूसी में मूला अल




निडाना गाँव के महाबीर पिंडा के खेत में गेंहू की फसल में मंडूसी बिना कोई खरपतवारनाशक का स्प्रे किए अपने आप पीली हो कर सूखने लग रही थी। महाबीर के बुलावे पर कीट कमांडो किसानो ने मौके पर जाकर बारिकी से निरिक्षण किया। इन्होने पाया कि थानेदार के जूतों के रंग का कीट मंडूसी के पौधों का तने के निचले हिस्सों से रस चूस रहा था। और ध्यान से देखने पर यह कीट मंडूसी कि जडों पर भी बहुतायत में पाया गया। सारे किसान मारे खुशी के उच्छल पड़े ,"ओह ! हमने मंडूसी ख़त्म करने का कुदरती इलाज ढूंढ़ लिया।" किसानो कि यह खुशी क्षणिक ही सिद्ध हुई जब इन्हें पता चला कि यह कीट तो गेहूँ के पौधों पर भी हमला करता है। चिंतित किसानों ने और ज्यादा ध्यान से अवलोकन शुरू किया तो पाया कि खेत में इस अल का हत्यारा फफुन्दीय रोगाणु भी मौजूद है। इस रोगाणु की कारगरता अच्छी खासी पाई गई। फिर तो किसानों ने आस पास खड़े गैरफसली पौधों पर इस कीट का भक्षण करनेवाले सीरफडों मक्खी के बच्चे तथा लेडीबग के बच्चे व प्रौढ़ ढूंढ़ निकाले। "जीवस्य जीव रिपु मक्षिकाया शत्रु घृतं।"  , संस्कृत की इस लोकोक्ति को याद करते हुए किसान घर को चल दिए। महीने बाद महाबीर के खेत से बिना कोई खरपतवारनाशक स्प्रे किए, मंडूसी खेत से गायब थी। मंडूसी का यह रसचूसने वाला कीट तो शायद धान की जड़ का अल/चेपा हो सकता है। इस कीट को खत्म करने वाले रोगाणु की पहचान करने में कोई भी विशेषकर कीटविज्ञानी या रोगाणुविशेषग हमारी मदद कर सकता है।  शायद यह रोगाणु बेवरिया बेसियाना  नाम की फफूंद हो सकती है. अगर यह सही है तो फिर स्तनपाईयों को सावधान रहने की जरुरत है. क्योकि यह फफूंद स्तनपाईयों के लिए भी इतनी ही घातक होती है.



मिलीबग के कुशल शिकारी - लेडिबीटल



मिलीबग के कुशल शिकारी के रूप में जिला जींद की धरती पर दस किस्म की बुगडी पायी गई है । स्थानीय लोग इन्हें मनयारी या जोगिन कहते हैं. स्कूल में पढने वाले इन्हें पास-फेल के रूप में जानते हैं. अंग्रेज लोग इन्हें लेडिबीटल या लेडीबग के नाम से पुकारते हैं। इनके बालिग व शिशु जन्मजात मांसाहारी कीट होते हैं । इनके भोजन में विभिन्न कीटों के अंडे, तरुण सुंडियां, अल या चेपा, मिलीबग, चुरडा, तेला, सफ़ेद मक्खी व् फुदका आदि अनेक हानिकारक कीट शामिल होते हैं। जिन्हें ये बड़े चाव से खाते हैं। हमारे खेतों में इनकी उपस्तिथि ,कीटनाशकों पर होने वाले खर्च में कटोती करवा सकती है। हम इन्हें उम्दा कीटनाशी भी कह सकते हैं क्योंकि ये कीटों को खा कार उनका सफाया हमारे लिए मुफ्त में ही करते हैं जबकि कीटनाशकों पर इसी काम के लिए हमें पैसा खर्च करना पडता है। अतः हम इनकी सही पहचान, हिफाजत व वंशवृद्धि कर जहाँ खेती के खर्च को घटा सकते हैं वहीं कीटनाशकों के दुष्प्रभावों से मानव स्वस्थ की रक्षा कर बहुत बड़ी समाज सेवा भी कर सकते हैं।

Saturday, February 21, 2009

कपास का भस्मासुर -मिलीबग

बी टी बीजों के प्रचलन के साथ ही कपास की फसल में एक नए कीड़े के प्रकोप की शुरुआत हुई है । इस कीट का नाम मिलीबग है । लोग इसे मिलीभगत,फुही व भस्मासुर आदि नामों से भी पुकारते हैं । देश के साथ साथ अपने हरियाणा में भी अभी से इस कीट को कपास की फसल के लिए एक बडे खतरे के रूप में देखा जाने लगा है । लेकिन यह कीट अपनी तीन कमजोरियों; " मादा का पंखविहीन होना, कीट का बहुभक्षी होना व थैली में अंडे देना । " के कारण अपने शत्रुओं का आसानी से शिकार बनता है। जिला जींद की कपास परिस्थितिक्तंत्र में इस कीट के शत्रुओं के रूप में एक परजीवी, तीन परजीव्याभ, तीस परभक्षी व तीन रोगाणु पाए गए हैं। राजपुरा,रूपगढ व निडाना के किसानों ने स्वयं अपनी आँखों से मिलीबग के इन शत्रुओं को कपास के पौधों व गैरफसली पौधों पर देखा है। इसका मतलब है अपने यहाँ एक मजबुत प्राकृतिक संतुलन का होना। इन्ही कीटों में से एक दीदड़ बुगडा मिलीबग का खून चूसते हुए इस विडियो में निडाना के किसानों ने मौके पर कैद किया है।